पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने सीयूएसबी में किया शैक्षणिक भ्रमण

0
IMG-20260301-WA0010.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 मार्च  2026,

गयाजी; रविवार को पंचानपुर स्थित दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय में ‘कैंपस फॉर कम्युनिटी’ पहल के अंतर्गत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय no 1 गयाजी के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन से वित्तपोषित शोध परियोजना के अंतर्गत एक दिवसीय विज्ञान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 7 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शोध परियोजना के माध्यम से मलयुक्त कीचड़ उपचार प्रणाली की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं परियोजना अन्वेषक डॉ. प्रशांत तथा सह-अन्वेषक प्रो. राजेश कुमार रंजन के निर्देशन में चल रही परियोजना की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई। जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि इस शोध का उद्देश्य मलयुक्त कीचड़ के वैज्ञानिक उपचार हेतु प्रकृति-आधारित संकर निर्मित आर्द्रभूमि प्रणाली विकसित करना है।

डॉ. प्रशांत ने विद्यार्थियों को सरल भाषा में बताया कि देश में स्वच्छ भारत अभियान के तहत करोड़ों शौचालय बनाए गए हैं, लेकिन सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले मलयुक्त कीचड़ का वैज्ञानिक निस्तारण न होने से जल और मृदा प्रदूषण का खतरा बना रहता है।

विद्यार्थियों ने देखा वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोगात्मक प्रणाली

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को परियोजना के अंतर्गत विकसित मलयुक्त कीचड़ परिशोधन प्रणाली का प्रत्यक्ष भ्रमण कराया गया। साथ ही शोधार्थियों शुभम, मनीषा, आशीष और छात्र हर्ष ने प्रयोगात्मक मॉडल के माध्यम से वैज्ञानिक प्रक्रियाओं को समझाया। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे और वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने का प्रयास किया।

पर्यावरण जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मिला प्रोत्साहन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रशांत ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध समाज के सतत विकास, स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य से है। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में सीखने की उत्सुकता, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और वैज्ञानिक सोच स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page