प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से हर घर होगा रोशन: डीएम अलंकृता पांडेय

0
1773943824131.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 19 मार्च 2026,

जहानाबाद; जिले के अब्दुलबारी नगर भवन में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत “सौर ऊर्जा अग्रदूत उपभोक्ता सम्मान समारोह सह सोलर मेला” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जहानाबाद द्वारा साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के तत्वावधान में तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया गया। अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत् उद्घाटन किया।

योजना से मिलेगी 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली

अपने संबोधन में डीएम अलंकृता पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के तहत लोग अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर प्रतिमाह लगभग 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सोलर पैनल स्थापना पर आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है, जिससे इसकी लागत कम हो जाती है।

अतिरिक्त बिजली से भी मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि नेट मीटरिंग की सुविधा के माध्यम से उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर सकते हैं। डीएम ने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने घरों को सौर ऊर्जा से सशक्त बनाएं।

सोलर पैनल पर सरकार दे रही सब्सिडी

कार्यक्रम में मुख्य अभियंता (परियोजना) SBPDCL श्रीराम सिंह और विद्युत कार्यपालक अभियंता नंदलाल चौधरी ने सोलर पैनल की तकनीकी जानकारी और सरकारी अनुदान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रति किलोवाट सोलर पैनल लगाने में लगभग 70 हजार रुपये का खर्च आता है और करीब 75 वर्ग फीट जगह की आवश्यकता होती है। सरकार द्वारा 1 किलोवाट पर 30 हजार, 2 किलोवाट पर 60 हजार तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।

28 उपभोक्ताओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सौर ऊर्जा अपनाकर अपना बिजली बिल शून्य करने वाले 28 उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया। इनमें से तीन उपभोक्ताओं को विशेष सम्मान देते हुए उपहार भी प्रदान किया गया। इसके अलावा विद्युत विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 पदाधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

सोलर मेला में दी गई तकनीकी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान आयोजित सोलर मेला में सोलर पैनल, नेट मीटरिंग और कुटीर ज्योति योजना से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सौर ऊर्जा से जुड़े उपकरणों और तकनीकों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सोलर प्लैनेट्स और एनर्जी यूनाइटेड प्राइवेट लिमिटेड को जिले में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कई अधिकारी व बैंक प्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, राजीव कुमार, तेज नारायण राय, विद्युत अधीक्षण अभियंता संदीप प्रकाश सहित कई अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और सोलर वेंडर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ललित शंकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक पदाधिकारी राघवेंद्र कुमार ने दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page