रावण वध कार्यक्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, शेरघाटी, बांकेबाजार और डोभी में आयोजन स्थलों का किया निरीक्षण
गयाजी: रावण वध कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर गया पुलिस प्रशासन अलर्ट है। इसी क्रम में मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देशन में जिले के शेरघाटी, बांकेबाजार और डोभी थाना क्षेत्रों में रावण वध कार्यक्रम के आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया गया।
शेरघाटी थाना क्षेत्र के रंगलाल उच्च विद्यालय के खेल परिसर, पार्किंग स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। वहीं, बांकेबाजार थाना क्षेत्र के मगध विद्या मैदान तथा डोभी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित ठाकुरबाड़ी मैदान और आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण, गया, संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजन स्थलों पर भीड़ की संभावित स्थिति, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का आकलन किया।
कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, भीड़ प्रबंधन और यातायात को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य रावण वध कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि आयोजन में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
