मानपुर के बुनियादगंज थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 फरवरी 2026,
मानपुर/गयाजी: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मानपुर प्रखंड अंतर्गत बुनियादगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर एसडीएम अनिल कुमार रमन ने की।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों के अलावा पुलिस एवं प्रशासन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान होली पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर निर्धारित नियमों का पालन कराने का निर्देश दिया गया।
होलिका दहन के दौरान आग से सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की गई। प्रशासन ने लोगों से खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही होलिका दहन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी लोगों से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में होली मनाने की अपील की गई।