नालंदा के नगरनौसा प्रखंड में 12 हजार रुपये रिश्वत लेते बीपीआरओ अनुष्का गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | पटना / नालंदा | 20 मार्च 2026,
पटना। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड में तैनात प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) अनुष्का को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विजिलेंस इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो बिहार की टीम ने शुक्रवार दिनांक 20 मार्च 2026 को की।
भुगतान के बदले मांगी गई थी रिश्वत
मामले में परिवादी अजय कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पटना कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि छठ घाट निर्माण में आपूर्ति की गई सामग्री की राशि का भुगतान करने के एवज में बीपीआरओ अनुष्का द्वारा 12 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सत्यापन के बाद की गई ट्रैप कार्रवाई
ब्यूरो द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामला दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए नगरनौसा स्थित कार्यालय कक्ष में ही बीपीआरओ अनुष्का को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
विशेष न्यायालय में किया जाएगा प्रस्तुत
निगरानी ब्यूरो के अनुसार गिरफ्तार अनुष्का से पूछताछ के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच की प्रक्रिया जारी है।
2026 में अब तक 23 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 34वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें 29 ट्रैप मामले शामिल हैं, जिनमें अब तक 23 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में कुल 8 लाख 84 हजार रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई है।