राज्यसभा सीट को लेकर जीतन राम मांझी का बड़ा बयान, एनडीए में बढ़ी हलचल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 दिसंबर 2025,
गयाजी: राज्यसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने ऐसा बयान दिया है जिसने एनडीए की एकजुटता पर सवाल खड़ा कर दिया है। मांझी ने साफ कहा है कि हम पार्टी को राज्यसभा में एक सीट मिलनी ही चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 2024 लोकसभा चुनाव के समय उन्हें दो लोकसभा और एक राज्यसभा सीट का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उनकी पार्टी को केवल एक सीट मिली।
“मंत्री पद छोड़ने को भी तैयार” — मांझी
मांझी ने स्पष्ट कहा कि अगर राज्यसभा सीट नहीं मिली तो वह मंत्री पद छोड़ने को भी तैयार हैं। उनका कहना है कि उनकी पार्टी को अभी तक मान्यता प्राप्त दल का दर्जा नहीं मिल पाया।
“अगर हमें 10 सीट मिलती तो 8 सीट जीतते और हमें मान्यता प्राप्त पार्टी का दर्जा मिल जाता। अब 50–60 सीटों पर चुनाव लड़ना होगा ताकि 6% वोट हासिल हो सके।”
जीतन राम मांझी, केन्द्रीय मंत्री
एनडीए में क्या सब कुछ ठीक?
मांझी के बयान के बाद यह सवाल फिर उठ गया है कि क्या एनडीए में सबकुछ सही चल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सीटों का बंटवारा इस प्रकार बताया जा रहा है—
बीजेपी: 2 सीट
जेडीयू: 2 सीट
एलजेपी: 1 सीट
लेकिन इसमें हम पार्टी के लिए जगह नहीं दिख रही। मांझी ने संकेत दिया है कि अगर एनडीए ने उनकी मांग नहीं मानी तो वह अलग रास्ता भी चुन सकते हैं।