जहानाबाद में पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ, 1.57 लाख से अधिक बच्चों को किया जाएगा आच्छादित
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 16 दिसम्बर 2025,
जहानाबाद; जिले में पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान (SNID) का शुभारम्भ मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे सदर अस्पताल परिसर में किया गया। जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय के निर्देशानुसार प्रभारी सिविल सर्जन, जहानाबाद द्वारा अमर शहीद जगदेव प्रसाद सदर अस्पताल परिसर स्थित जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की विधिवत शुरुआत की गई।
16 से 20 दिसम्बर तक चलेगा मुख्य अभियान
इस अभियान के तहत 16 दिसम्बर से 20 दिसम्बर 2025 तक जिले के सभी लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। वहीं, 22 दिसम्बर 2025 को बी-टीम के माध्यम से छूटे हुए बच्चों को टीकाकृत किया जाएगा, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित न रहे।
1.57 लाख से अधिक बच्चों को कवर करने का लक्ष्य
जहानाबाद जिले में कुल 1,57,835 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले के 2,14,650 घरों को चिन्हित किया गया है, जहां घर-घर जाकर टीकाकरण किया जाएगा।
1217 टीकाकर्मी, 145 पर्यवेक्षक तैनात
अभियान को सफल बनाने के लिए कुल 1217 टीकाकर्मियों को लगाया गया है। इनके कार्यों की निगरानी के लिए 145 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। जिले में 414 घर-घर टीमें, 75 ट्रांजिट टीमें, 15 मोबाइल टीमें, 37 सब-डिपो तथा 16 कोल्ड चेन हैंडलर कार्यरत रहेंगे।
स्वास्थ्य विभाग व सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता
उद्घाटन अवसर पर प्रभारी अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, सदर अस्पताल के कार्यकारी अधीक्षक एवं अस्पताल प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (सिकरिया), जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य, SMC एवं BMC प्रतिनिधि, यूनिसेफ जहानाबाद, UNDP जिला वैक्सीन मैनेजर, एफएम जहानाबाद सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।