परिवार नियोजन में उत्कृष्ट कार्य पर जहानाबाद के स्वास्थ्य कर्मी सम्मानित
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 23 फरवरी 2026,
जहानाबाद; जिले के स्वास्थ्य कर्मियों को परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमंडल स्तर पर सम्मानित किया गया। सोमवार, 23 फरवरी 2026 को क्षेत्रीय अपर निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएँ, मगध प्रमंडल, गयाजी द्वारा आयोजित समारोह में एक एएनएम और दो आशा कार्यकर्ताओं को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला पदाधिकारी और सिविल सर्जन ने दी बधाई
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय तथा सिविल सर्जन डॉ. हरिश चन्द्र चौधरी ने सम्मानित स्वास्थ्य कर्मियों को शुभकामनाएँ दीं और आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की अपील की गई।
परिवार नियोजन अभियान में सराहनीय योगदान
कार्यक्रम में पीएचसी घोसी की एएनएम कायनात सरवरी को 899 महिलाओं को अंतरा इंजेक्शन लगाने के लिए सम्मानित किया गया, जो प्रमंडल में सर्वाधिक रहा। वहीं ग्राम उबेर की आशा कार्यकर्ता कुमारी मंजू सिन्हा को 16 पुरुषों की नसबंदी के लिए प्रेरित करने तथा बीरूपुर की आशा कार्यकर्ता ममता कुमारी को 126 महिलाओं को अंतरा इंजेक्शन दिलाने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
समारोह में कहा गया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम को सफल बनाने में एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इनके प्रयासों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के साथ जनसंख्या स्थिरीकरण अभियान को भी मजबूती मिल रही है।