जहानाबाद में जिला पदाधिकारी ने पलनजी इंडस्ट्रीज का किया भ्रमण, उद्यमियों के साथ हुई संवाद बैठक

0
1772294775678.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 28 फरवरी 2026,

जहानाबाद; जिले में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे द्वारा शनिवार को सिकरिया स्थित पलनजी इंडस्ट्रीज का भ्रमण किया गया। इस दौरान उनकी अध्यक्षता में उद्यमी वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के कई उद्यमियों ने भाग लिया।

उद्यमियों ने रखीं उद्योग से जुड़ी समस्याएँ

कार्यक्रम की शुरुआत अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) द्वारा की गई, जिसमें उपस्थित उद्यमियों से अपनी समस्याएँ रखने का अनुरोध किया गया। बैठक में मेसर्स खाटू श्याम पॉलीप्लास्ट इंडस्ट्रीज के प्रोप्राइटर कैलाश पोदार, मेसर्स डी.के. इंजीनियरिंग के प्रोप्राइटर धीरज कुमार तथा मेसर्स माता श्री इंडस्ट्रीज के प्रोप्राइटर रितीक कुमार ने बिजली शटडाउन की पूर्व सूचना उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि उत्पादन कार्य प्रभावित न हो और कच्चे माल की क्षति से बचा जा सके।

सिंगल विंडो सेल के माध्यम से त्वरित समाधान का आश्वासन

जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में उद्योग स्थापना से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सिंगल विंडो सेल का गठन किया गया है। इसकी बैठक प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को समाहरणालय स्थित ग्रामप्लेक्स भवन में आयोजित होती है, जहां उद्यमी अपनी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक उद्यमियों को सफल उद्योग इकाइयों का भ्रमण कराकर प्रेरित करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

प्लग एंड प्ले इकाई और भूमि किराया में राहत की मांग

उद्यमियों ने बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण Bihar Industrial Area Development Authority क्षेत्र में प्लग एंड प्ले इकाइयों की स्थापना तथा भूमि एवं शेड किराया कम करने की मांग भी रखी, जिससे नए उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में सुविधा मिल सके।

सफल उद्यमी के अनुभव से प्रेरणा

पलनजी इंडस्ट्रीज के प्रोप्राइटर सुधीर केसरी ने अपने उद्योग की स्थापना और संचालन से जुड़े अनुभव साझा किए। जिला पदाधिकारी ने इसे “पीयर लर्निंग” का महत्वपूर्ण उदाहरण बताते हुए अन्य उद्यमियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

औद्योगिक विकास के लिए भूमि उपलब्ध कराने की अपील

बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एवं बियाडा के उप महाप्रबंधक द्वारा उद्योग विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों से जिले में उपलब्ध खाली भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में चिन्हित कराने में सहयोग करने की अपील की, ताकि जहानाबाद में औद्योगिक विकास को गति मिल सके। अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी उद्यमियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रशासन उद्योगों के विकास और रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page