जहानाबाद में जिला आयुष समिति का गठन, गांव-गांव पहुंचेगी आयुष चिकित्सा सेवाएं
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 16 फरवरी 2026,
जहानाबाद। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति के गठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक पद्धति से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई तथा औपचारिक रूप से जिला आयुष समिति का गठन कर लिया गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित आयुष संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं गांव-गांव और जन-जन तक पहुंच सकें।
जिला आयुष सोसायटी का गठन
बैठक में जानकारी देते हुए जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार पांडेय ने बताया कि “जिला आयुष सोसायटी” का कार्यक्षेत्र पूरे जिले में होगा तथा इसका कार्यालय जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी परिसर में संचालित किया जाएगा।
सोसायटी के प्रमुख उद्देश्य
जिला आयुष सोसायटी निम्नलिखित कार्यों का संचालन करेगी—
🔹राष्ट्रीय आयुष मिशन (NAM) एवं राज्य सरकार की आयुष योजनाओं के क्रियान्वयन में जिला प्रशासन की सहायता।
🔹स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज संस्थाओं (PRI) एवं गैर-सरकारी संगठनों सहित सभी हितधारकों के लिए समन्वय मंच के रूप में कार्य करना।
🔹केंद्र एवं राज्य सरकार से प्राप्त आयुष योजनाओं की धनराशि का प्रबंधन एवं लेखा-जोखा।
🔹तकनीकी एवं प्रबंधन क्षमता सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक संसाधनों का उपयोग।
🔹एकीकृत जिला आयुष विशेष योजनाओं की तैयारी एवं कार्यान्वयन।
🔹आयुष गतिविधियों के लिए वित्तीय एवं गैर-वित्तीय संसाधन जुटाना।
🔹आयुष अस्पताल प्रबंधन सोसायटियों को सहयोग प्रदान करना।
🔹प्रशिक्षण, कार्यशाला, सम्मेलन, नीति समीक्षा अध्ययन एवं अंतर-राज्यीय आदान-प्रदान कार्यक्रमों का आयोजन।
🔹जिले में आयुष कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन हेतु सचिवालय की स्थापना एवं प्रबंधन।
इन अधिकारियों की रही उपस्थिति
बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, सिविल सर्जन डॉ. हरिश चन्द्र चौधरी, जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएम) रचना सहित स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।