गया में 44 परिवारों को मिला बास भूमि पर्चा, विकास सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 फरवरी 2026,
गयाजी; शुक्रवार को गयाजी समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 44 परिवारों को जीतन राम मांझी केन्द्रीय msme मंत्री द्वारा बास भूमि पर्चा वितरित किया। ये सभी लाभुक नगर अंचल क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर मौजा कंडी स्थित वन विभाग की जमीन पर निवास कर रहे थे, जिन्हें अब बिहार सरकार की उपलब्ध भूमि पर स्थानांतरित किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने जिला पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नव-स्थापित आवास क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का शीघ्र विकास सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, बिजली व्यवस्था, नाली-गली निर्माण तथा बच्चों की शिक्षा के लिए विद्यालय की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग द्वारा पूर्व में कब्जे वाली भूमि पर एक बड़े पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत प्रभावित परिवारों को उसी मौजा में राज्य सरकार की भूमि पर व्यवस्थित रूप से शिफ्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी लाभुकों को शीघ्र ही प्रधानमंत्री/राज्य आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा तथा पूरे क्षेत्र को एक सुव्यवस्थित कॉलोनी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभुकों को आच्छादित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता (राजस्व), डीसीएलआर सदर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर अंचलाधिकारी सहित बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे।