बुनियादगंज थाना क्षेत्र में बंद कमरे से वृद्ध महिला का शव बरामद, इलाके में सनसनी

0
Screenshot_2026_0412_230727-1.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 अप्रैल 2026,

गयाजी: बुनियादगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नौधरिया गांव में रविवार के दिन एक बंद मकान से वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनारकली देवी के रूप में की गई है। जो अकेले ही उस मकान में रहती थी।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब उनकी पुत्री रेणु देवी अपनी मां से मिलने गांव पहुंची, लेकिन घर का दरवाज़ा बाहर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने अपने भतीजे को सूचना दी। सूचना मिलने पर पोता गांव पहुंचा और आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

खोजबीन के दौरान घर के एक दरवाजे को खोलने पर वह अंदर से बंद मिला और बाहर से कुंडी लगी थी, जबकि दूसरे दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। संदेह होने पर ताला तोड़कर जब अंदर प्रवेश किया गया तो कमरे में वृद्ध महिला का शव पड़ा मिला, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी।

इसके बाद परिजनों ने तत्काल बुनियादगंज पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जाता है कि मृतका के पति, पुत्र और बहू का पहले ही निधन हो चुका है। जबकि उनके तीन पोते जीवित हैं, जो रूपसपुर स्थित अपने ननिहाल में रहते हैं। ऐसे में महिला घर में अकेली रहती थीं।

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह घटना समाज में अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page