गयाजी में कर्मचारी की ईमानदारी बनी मिसाल, ग्राहक के गिरे पैसे लौटाए
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 फरवरी 2026,
गयाजी; शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के निवासी राहुल कुमार ने अपनी ईमानदारी से एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। राहुल शहर के रिवर साइड रोड स्थित मां देवी मोबाइल शॉप में बतौर कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं।
शनिवार की शाम दुकान पर एक ग्राहक मोबाइल से संबंधित कुछ सामान खरीदने आया। सामान लेते समय ग्राहक की जेब से ₹500 के दो नोट (कुल ₹1000) अनजाने में नीचे गिर गए। ग्राहक को इसका एहसास नहीं हुआ और वह सामान लेकर दुकान से चला गया।
कुछ देर बाद वही ग्राहक सामान बदलवाने के लिए दोबारा दुकान पर पहुंचा, लेकिन तब भी उसे पैसे गिरने की जानकारी नहीं थी। इसी दौरान राहुल कुमार ने अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए ग्राहक को बताया कि उसके पैसे दुकान में गिर गए थे और तुरंत ₹1000 वापस कर दिए।
यदि राहुल चाहते तो बिना बताए पैसे अपने पास रख सकते थे, क्योंकि ग्राहक को यह पता चल पाना मुश्किल था कि उसके पैसे कहां गिरे। लेकिन राहुल की सत्यनिष्ठा ने यह साबित कर दिया कि समाज में आज भी ईमानदार लोग मौजूद हैं। स्थानीय लोगों ने राहुल कुमार के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।