जनगणना-2027: गयाजी में 17 अप्रैल से शुरू होगी स्व-गणना, डीएम ने की तैयारी की समीक्षा

0
IMG-20260416-WA0013.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 अप्रैल 2026,

गयाजी: गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

17 अप्रैल से 1 मई तक चलेगा अभियान

जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में स्व-गणना की प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल Census Self Enumeration Portal पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

कैसे करें स्व-गणना

डीएम ने जानकारी दी कि पोर्टल पर लॉग-इन करने के बाद नागरिकों को परिवार पंजीकरण, भाषा चयन, OTP सत्यापन और स्थान संबंधी विवरण भरना होगा। इसके बाद प्रश्नावली को पूर्ण कर अंतिम सबमिशन करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अंतिम सबमिशन के बाद परिवार के मुखिया का नाम या मोबाइल नंबर संशोधित नहीं किया जा सकेगा, इसलिए जानकारी सावधानीपूर्वक भरें।

सेल्फ एन्यूमरेशन SE ID को रखें सुरक्षित

स्व-गणना पूरी करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) प्राप्त होगी। क्षेत्रीय सत्यापन के दौरान जब गणनाकार घर-घर आएंगे, तब यह आईडी दिखानी होगी।

बिना दस्तावेज भी संभव प्रक्रिया

डीएम ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज जैसे आधार, पासपोर्ट या अन्य पहचान पत्र दिखाने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही नागरिकों की सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।

प्रवासी भी कर सकते हैं पंजीकरण

बैठक में यह भी बताया गया कि बाहर रह रहे प्रवासी मजदूर और अन्य व्यक्ति अपने वर्तमान स्थान से ही स्व-गणना प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान को एक त्योहार की तरह लें और उत्साहपूर्वक इसमें भाग लें, ताकि जनगणना का कार्य समय पर और सुचारू रूप से पूरा हो सके।

बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, एडीएम, वरीय उप समाहर्ता सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page