गयाजी के 7 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, अब गांवों में ही मिलेगी स्नातक शिक्षा की सुविधा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 जुलाई 2026,
गयाजी: राज्य सरकार के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के तहत उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में गयाजी जिले को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ किया। इनमें गयाजी जिले के 7 नए राजकीय डिग्री कॉलेज भी शामिल हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों छात्र-छात्राओं को अब अपने ही प्रखंड में स्नातक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इन 7 प्रखंडों में शुरू हुए डिग्री कॉलेज
गया जिले में जिन प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ हुआ, उनमें शामिल हैं—
🔹 मोहड़ा – उच्च विद्यालय सेवतर
🔹कोच – गांधी प्लस टू उच्च विद्यालय
🔹नीमचक बथानी – उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, मई
🔹मोहनपुर – प्रोजेक्ट प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय
🔹बांके बाजार – उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सैफगंज
🔹डुमरिया – मध्य विद्यालय शिवनगर
🔹अतरी – श्री जगदीश चंद्र उच्च विद्यालय, टेटूआ
इन कॉलेजों के संचालन से ग्रामीण विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री बोले – हर गांव तक पहुंचे उच्च शिक्षा
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना और प्रत्येक छात्र-छात्रा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नए डिग्री कॉलेज स्थानीय युवाओं के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देंगे।
मोहड़ा में प्रभारी मंत्री ने किया उद्घाटन
गयाजी जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री सह गयाजी जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मोहड़ा प्रखंड स्थित उच्च विद्यालय सेवतर परिसर में फीता काटकर डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर, अपर समाहर्ता (आपदा), जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे।
छात्राओं को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ
प्रशासन के अनुसार इन महाविद्यालयों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी, वहीं छात्राओं की उच्च शिक्षा तक पहुंच भी आसान होगी।
शिक्षा के क्षेत्र में नई शुरुआत
जिला प्रशासन का कहना है कि नए डिग्री कॉलेजों के माध्यम से जिले में उच्च शिक्षा का दायरा और मजबूत होगा। यह पहल न केवल शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण साबित होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, सामाजिक विकास और शैक्षणिक वातावरण को भी नई गति देगी।
