सीयूएसबी टाईम्स के नए अंक का कुलपति प्रो. के. एन. सिंह ने किया विमोचन

0
IMG-20251217-WA0006.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 दिसंबर 2025,

गयाजी; बुधवार को दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) की त्रैमासिक न्यूज़लेटर सीयूएसबी टाईम्स 2025 (जुलाई–सितंबर) अंक का विमोचन कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा एवं सीयूएसबी टाईम्स के पीआरओ-सह-संपादक मोहम्मद मुदस्सीर आलम उपस्थित रहे।

कुलपति के संरक्षण में प्रकाशन

न्यूज़लेटर का प्रकाशन कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के संरक्षण में विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा द्वारा किया गया है। विमोचन के दौरान कुलपति ने इसे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्थागत उपलब्धियों को प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बताया।

अकादमिक उत्कृष्टता की झलक

कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि सीयूएसबी टाईम्स में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान और उपलब्धियों को आकर्षक रूप में दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर अकादमिक उत्कृष्टता के मार्ग पर अग्रसर है, जिसकी स्पष्ट झलक न्यूज़लेटर में देखने को मिलती है।

28 पृष्ठों में तीन माह की गतिविधियां

पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने जानकारी दी कि न्यूज़लेटर के इस अंक में बीते तीन महीनों की गतिविधियों को कुल 28 पृष्ठों में समेटा गया है। शुरुआती पृष्ठों में विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों एवं गतिविधियों को स्थान दिया गया है।

प्राध्यापकों की उपलब्धियों का विवरण

न्यूज़लेटर में विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों द्वारा प्रकाशित शोध लेख, पुस्तकों का प्रकाशन, सेमिनार व कॉन्फ्रेंस में सहभागिता, राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार, सम्मान एवं शोध अनुदानों का विस्तृत विवरण शामिल है।

छात्र उपलब्धियां और कार्यक्रम

इस अंक में विश्वविद्यालय में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, राष्ट्रीय महत्व के दिवसों, सीयूएसबी के महत्वपूर्ण आयोजनों, खेल-कूद प्रतियोगिताओं को चित्रों एवं लेखों के माध्यम से प्रकाशित किया गया है। साथ ही छात्रों के जॉब प्लेसमेंट, स्कॉलरशिप, फेलोशिप, सेमिनार सहभागिता एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त पुरस्कारों को भी प्रमुखता दी गई है।

समाचार पत्रों की क्लिपिंग्स का कोलाज

न्यूज़लेटर के अंतिम पृष्ठ पर विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित विश्वविद्यालय से संबंधित खबरों की क्लिपिंग्स को आकर्षक कोलाज के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

कार्यक्रम के अंत में कुलपति ने सीयूएसबी टाईम्स की संपादकीय टीम के प्रयासों की सराहना की और भविष्य के अंकों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page