बेलागंज के टिकुली गांव में सिलेंडर विस्फोट, तीन घर आग की चपेट में
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 फरवरी 2026,
बेलागंज (गयाजी)। जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को रसोई गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। घटना लक्ष्मीपुर पंचायत के टिकुली गांव की है, जहां एक घर में खाना बनाने के दौरान अचानक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों तक आवाज पहुंची और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विस्फोट के बाद घर में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा फर्नीचर, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। स्थिति कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी बन गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय ग्रामीणों ने पानी और बालू की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई और आसपास के तीन अन्य घर भी इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है। हालांकि पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रत्याशी सह समाजसेवी मोहम्मद एमाद आलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की तथा संबंधित अधिकारियों से बात कर उचित सरकारी मुआवजे की मांग की। प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अग्निशमन दल समय पर नहीं पहुंचता तो आग आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले सकती थी। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवार राहत सहायता की उम्मीद लगाए बैठा है।