गयाजी में पंचायत सचिव पर अधूरी सूचना देने और राशि गड़बड़ी का आरोप, डीएम से कार्रवाई की मांग

0
Screenshot_2026_0212_233238.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 फरवरी 2026,

गयाजी; जिले के टिकारी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दिधौरा (थाना–पंचानपुर) के निवासी पंकज कुमार ने पंचायत सचिव पर मांगी गई सूचना अधूरी देने तथा जमा की गई राशि में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिला पदाधिकारी, गयाजी को लिखित आवेदन देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, पंकज कुमार ने दिनांक 09 सितंबर 2025 को ग्राम पंचायत दिधौरा के वर्ष 2016 से वर्तमान तक के सभी शीर्षों से संबंधित अभिलेखों की सूचना मांगी थी। इसके जवाब में वर्तमान पंचायत सचिव द्वारा पत्रांक संख्या 48, दिनांक 08 अक्टूबर 2025 के माध्यम से 6,038 रुपये जमा करने का निर्देश दिया गया। आवेदक का कहना है कि उन्होंने 15 अक्टूबर 2025 को निर्धारित समयावधि के भीतर पूरी राशि पंचायत सचिव को हस्तांतरित कर दी।

हालांकि, पंकज कुमार का आरोप है कि डाक के माध्यम से उन्हें मात्र 85 प्रतियां उपलब्ध कराई गईं, जबकि पंचायत में केवल 170 रुपये ही जमा दिखाया गया। शेष राशि अब तक वापस नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर अधूरी सूचना दी गई है, जिससे पंचायत स्तर पर अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका प्रकट होती है।

आवेदक ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि पंचायत सचिव द्वारा बार-बार बिना समुचित गणना के मनमाने तरीके से नोटिस भेजे जाते हैं, जो सरकारी नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए जिला पदाधिकारी से दोषी पंचायत सचिव पर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने और संपूर्ण सूचना उपलब्ध कराने का आदेश देने का अनुरोध किया है।

इस संबंध में प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस प्रकरण में क्या कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page