15 साल से अपराध का साम्राज्य! 15 करोड़ की संपत्ति, 73.5 लाख नकद और 106 जमीन के दस्तावेज बरामद, चार गिरफ्तार

0
Screenshot_2026_1127_195717
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी/पटना | 27 नवम्बर 2026,


गयाजी/पटना। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गयाजी जिले के कुख्यात आरोपी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उसके सहयोगियों के ठिकानों पर व्यापक छापेमारी की है। 27 नवंबर को बिहार, झारखंड और अन्य जिलों में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, 73.5 लाख रुपये नकद, 38 बैंक खातों से संबंधित जानकारी और एक 51 पन्नों की गोपनीय डायरी बरामद की गई है।

आर्थिक अपराध इकाई की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस कार्रवाई का आधार आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 34/26, दिनांक 26 नवंबर 2026 है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

15-16 वर्षों से सक्रिय गिरोह पर गंभीर आरोप

पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव ने कथित तौर पर एक संगठित आपराधिक गिरोह बना रखा था। गिरोह पर रंगदारी, हथियार के बल पर लूट, अपहरण, अवैध बालू खनन, सरकारी कार्यों में बाधा डालने और गरीब एवं निर्दोष ग्रामीणों की जमीन पर अवैध कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2001 से अब तक गयाजी, बोकारो, रांची समेत अन्य स्थानों पर कुल 25 आपराधिक कांड दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, रंगदारी, अपहरण, लूट, लूट की साजिश, लोकसेवकों पर हमला, आर्म्स एक्ट और जमीन कब्जे से जुड़े मामले शामिल हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इनमें अधिकांश मामलों में न्यायालय द्वारा संज्ञान भी लिया जा चुका है।

67 संपत्तियां, सरकारी सर्किल रेट से कई गुना कम कीमत पर रजिस्ट्री का आरोप

आर्थिक अपराध इकाई की जांच में एक बड़ा खुलासा यह हुआ है कि आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर पिछले 15-16 वर्षों में 67 संपत्तियां खरीदे जाने के साक्ष्य मिले हैं। इनमें कुल 7790 डिसमिल जमीन, प्लॉट, फ्लैट और मकान शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, इन संपत्तियों का निबंधन मूल्य लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि इनका सरकारी सर्किल रेट इससे कई गुना ज्यादा बताया गया है। जांच में एक ऐसे बहुमूल्य भूखंड का भी मामला सामने आया है, जिसका सरकारी मूल्य 28 करोड़ रुपये था, लेकिन उसे महज 1.5 करोड़ रुपये में निबंधित कराया गया।

आरोपी सुरेंद्र कुमार और उसकी फर्म ‘मोनू इंटरप्राइजेज’ के नाम पर टोयोटा फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो, सफारी और हाइवा समेत कुल आठ वाहनों के निबंधन के साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस ने सुरेंद्र कुमार को टोयोटा फॉर्च्यूनर वाहन के साथ गिरफ्तार किया।

11 ठिकानों पर छापेमारी, 73.5 लाख नकद और 106 डीड बरामद

पटना स्थित आरोपी के आवास से 19.50 लाख रुपये नकद और जमीन के तीन दस्तावेज बरामद किए गए। डोभी (गयाजी) स्थित आवास से विभिन्न समझौतों के 51 दस्तावेज, तीन लाख रुपये नकद और 11 बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज मिले।

अन्य आरोपियों के ठिकानों से भी बड़ी मात्रा में संपत्ति से जुड़े कागजात बरामद किए गए। रोशन राज के आवास से 15 निबंधन दस्तावेज, आठ बैंक खातों और एलआईसी से संबंधित पांच कागजात मिले। औरंगाबाद के दाउदनगर स्थित सुधीर पांडेय के आवास से 51 लाख रुपये नकद और जमीन के 28 निबंधन दस्तावेज बरामद किए गए।

झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज स्थित ठिकानों से भी जमीन के निबंधन दस्तावेज और बैंक खातों से संबंधित कागजात जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, सभी ठिकानों से कुल 106 जमीन निबंधन डीड, जमीन खरीद से संबंधित 51 एकरारनामे, 38 बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, 73.5 लाख रुपये नकद और आभूषण खरीद की कई रसीदें बरामद हुई हैं। सभी बरामद सामग्रियों को जब्त कर लिया गया है।

51 पन्नों की गोपनीय डायरी ने बढ़ाई जांच की गंभीरता

इस पूरी कार्रवाई में सबसे महत्वपूर्ण बरामदगी सुरेंद्र यादव के आवास से मिली 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी को माना जा रहा है। आर्थिक अपराध इकाई के अनुसार, डायरी में कई पदाधिकारियों के साथ वित्तीय लेन-देन किए जाने का उल्लेख है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस डायरी में दर्ज तथ्यों का आगे अनुसंधान के दौरान सत्यापन किया जाएगा। यदि इसमें दर्ज जानकारियों की पुष्टि होती है, तो मामले की जांच का दायरा और व्यापक हो सकता है।

चार गिरफ्तार, कई जिलों की पुलिस रही शामिल

छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव, आयर्न कुमार, सुनीता कुमारी और रोशन राज उर्फ रोशन कुमार उर्फ धनंजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

यह संयुक्त कार्रवाई आर्थिक अपराध इकाई, विशेष कार्य बल, गयाजी जिला पुलिस, पटना पुलिस, औरंगाबाद पुलिस तथा झारखंड के चतरा जिला पुलिस के सहयोग से की गई। इसके लिए गयाजी, औरंगाबाद, पटना और चतरा जिले में कुल 10 आवासीय ठिकानों की तलाशी के लिए न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया था।

अपराध से अर्जित संपत्ति पर प्रहार की तैयारी

आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि संगठित आपराधिक गिरोहों, उनके सहयोगियों और संरक्षकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके समपहरण की दिशा में भी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर संगठित अपराध और उससे जुड़े कथित आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। अब जांच की नजर 51 पन्नों की गोपनीय डायरी में दर्ज लेन-देन, करोड़ों की संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और कथित वित्तीय संपर्कों पर टिकी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page