गया की सीयूएसबी की शोधार्थी डॉ. संजुक्ता जेना का अंतरराष्ट्रीय चयन, ताइवान के प्रतिष्ठित अनुसंधान केंद्र में बनीं स्टाफ साइंटिस्ट
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 13 नवम्बर 2026,
गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी), गयाजी की शोधार्थी डॉ. संजुक्ता जेना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। भौतिकी विषय में पीएचडी पूरी करने के बाद उनका चयन ताइवान के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सिंक्रोट्रॉन विकिरण अनुसंधान केंद्र (NSRRC) में कार्यकाल आधारित वैज्ञानिक पद (स्टाफ साइंटिस्ट) के लिए हुआ है। इस पद पर उन्हें करों के भुगतान के बाद लगभग दो लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने की उम्मीद है।
डॉ. संजुक्ता जेना ने सीयूएसबी में प्रो. विजय राज सिंह के निर्देशन में अपना शोध कार्य पूरा किया था। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह और कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा ने उन्हें तथा उनके शोध पर्यवेक्षक को बधाई दी है।
कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि डॉ. जेना का चयन भौतिकी विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह विश्वविद्यालय में हो रहे वैज्ञानिक अनुसंधान की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी दर्शाता है।
चुंबकीय पदार्थों पर किया महत्वपूर्ण शोध
सीयूएसबी के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि पीएचडी के दौरान डॉ. जेना ने उन्नत चुंबकीय एवं ऑक्साइड आधारित पदार्थों पर शोध किया। उनके शोध में विशेष रूप से MnSi, SrRuO₃, FeCr₂O₄ और NiTiO₃ जैसे पदार्थ शामिल रहे।
आधुनिक संघनित पदार्थ भौतिकी (Condensed Matter Physics) में इन पदार्थों का विशेष महत्व है। इनकी जटिल इलेक्ट्रॉनिक संरचना, चुंबकीय अंतःक्रियाओं और भविष्य के इलेक्ट्रॉनिक एवं स्पिंट्रॉनिक उपकरणों में संभावित उपयोग को लेकर दुनिया भर में शोध किया जा रहा है।
बिना पोस्टडॉक्टोरल नियुक्ति के मिला वैज्ञानिक पद
डॉ. जेना के शोध पर्यवेक्षक प्रो. विजय राज सिंह ने बताया कि उन्हें मिला यह पद भारत के वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों में वैज्ञानिक-डी के पद के समकक्ष व्यावसायिक स्तर का है। हालांकि, विभिन्न देशों में पदनाम और सेवा संरचना अलग-अलग होती है।
उन्होंने बताया कि डॉ. जेना को करों के भुगतान के बाद लगभग दो लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने की उम्मीद है। इस नियुक्ति के माध्यम से उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सिंक्रोट्रॉन विकिरण अनुसंधान सुविधा में उन्नत वैज्ञानिक शोध करने का अवसर मिलेगा।
प्रो. सिंह के अनुसार, डॉ. जेना की यह उपलब्धि इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि उन्होंने पीएचडी पूरी करने के तुरंत बाद बिना किसी पारंपरिक पोस्टडॉक्टोरल नियुक्ति के यह वैज्ञानिक पद हासिल किया है। अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक नियुक्तियों में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच किसी प्रमुख अनुसंधान केंद्र में कार्यकाल आधारित पद प्राप्त करना युवा शोधकर्ता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने दी बधाई
डॉ. जेना की इस उपलब्धि पर सीयूएसबी के अधिष्ठाता प्रो. अतुल प्रताप सिंह, भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. बुधेंद्र सिंह, प्रो. वेंकटेश सिंह सहित डॉ. अखिलानंद कुमार, डॉ. पुनीत मिश्रा, डॉ. रोहित रंजन शाही, डॉ. नितिन चंद्रा, डॉ. लखविंदर सिंह और डॉ. देवव्रत ने भी उन्हें एवं उनके शोध पर्यवेक्षक प्रो. विजय राज सिंह को बधाई दी।
डॉ. संजुक्ता जेना का यह चयन न केवल उनके व्यक्तिगत शोध करियर के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि सीयूएसबी में हो रहे शोध कार्यों को अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच तक पहुंचाने की दिशा में भी एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
