CUSB में 2 नवंबर को होगा ‘विकसित भारत युवा संसद 2027’ का आयोजन, युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

0
IMG-20261030-WA0009
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 अक्टूबर 2026,

गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUSB) में 2 नवंबर 2026 को ‘विकसित भारत युवा संसद 2027’ का आयोजन किया जाएगा। ‘मेरा युवा भारत, गयाजी’ के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक सहभागिता, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक नीतियों की समझ विकसित करना है।

कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने अपने कार्यालय में युवा संसद के पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान जिला युवा अधिकारी पवन कुमार, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार और छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। कुलपति ने कहा कि यह पहल युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ की पहल पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल वाद-विवाद प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में संवैधानिक मूल्यों, सक्रिय नागरिकता, तार्किक चिंतन और सामूहिक समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का मंच है।

31 अक्टूबर तक होगा पंजीकरण

प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक युवा ‘मेरा युवा भारत’ के आधिकारिक पोर्टल पर 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीकरण कर सकते हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ निर्धारित किया गया है। प्रारंभिक चरण देश के 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 786 जिलों में आयोजित होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट मिलेंगे। वक्तृत्व कौशल, विषय की समझ और विश्लेषणात्मक क्षमता के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। प्रत्येक जिले से तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंचेंगे।

संसद के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में होगा राष्ट्रीय आयोजन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं में आयोजित होंगी। प्रत्येक राज्य से तीन प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय चरण के लिए किया जाएगा। इस प्रकार कुल 108 प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करेंगे। युवा संसद का राष्ट्रीय समापन समारोह 9 और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित भारतीय संसद के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में आयोजित किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page