सीयूएसबी में एनएसएस स्वयंसेवकों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 अक्टूबर 2026
गयाजी; दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित स्वयंसेवकों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि “मैं नहीं, बल्कि आप” एनएसएस का मूल मंत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज सेवा, सामाजिक जागरूकता और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
विद्यार्थी कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मिश्रा ने स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। एनएसएस समन्वयक प्रो. उषा तिवारी ने स्वागत संबोधन में योजना के उद्देश्यों एवं सिद्धांतों की जानकारी दी, जबकि कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. पारिजात प्रधान ने विभिन्न गतिविधियों और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर कुलपति ने कार्यक्रम पदाधिकारियों, नवप्रवेशित एनएसएस सदस्यों और उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित कर प्रमाणपत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में प्रो. एम. विजय कुमार शर्मा, डॉ. नीरज कुमार सिंह, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. रिंकी, डॉ. पीयूष कुमार सिंह, डॉ. राधेश्याम धोले सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में डॉ. रिंकी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
