खिजरसराय के बालू घाटों से अवैध उठाव की शिकायतों पर एसडीएम सख्त, थाना अध्यक्ष से मांगा विस्तृत प्रतिवेदन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 सितंबर 2026
गयाजी: नीमचक बथानी अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने खिजरसराय थाना क्षेत्र के विभिन्न बालू घाटों से कथित अवैध बालू उठाव एवं परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खिजरसराय थाना अध्यक्ष नेहा कुमारी से विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। एसडीओ कार्यालय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि ग्रामीण जनता, मीडिया कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से खिजरसराय प्रखंड के विभिन्न बालू घाटों से अवैध रूप से बालू उठाव एवं परिवहन किए जाने की सूचना एवं शिकायत प्राप्त हो रही है।
कई बालू घाटों का पत्र में किया गया उल्लेख
एसडीओ की ओर से जारी पत्र में गया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग कॉलेज घाट, अईमा के रास्ते वाले घाट, केनी घाट, तड़का घाट एवं शांतिनगर घाट समेत अन्य घाटों से संबंधित शिकायतों का उल्लेख किया गया है। पत्र में कहा गया है कि इन घाटों से अवैध रूप से बालू उठाव और परिवहन किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
रात्रि गश्ती के बावजूद अवैध उठाव की शिकायत
पत्र के अनुसार, यह भी बताया जा रहा है कि रात्रि में पुलिस गश्ती किए जाने के बावजूद उक्त घाटों से अवैध बालू उठाव एवं परिवहन की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इसके कारण स्थानीय ग्रामीणों में असंतोष एवं रोष की स्थिति उत्पन्न होने की बात कही गई है।
वर्तमान स्थिति से लेकर कार्रवाई तक मांगी गई जानकारी
अनुमंडल पदाधिकारी ने खिजरसराय थाना अध्यक्ष को निर्देश दिया है कि संबंधित बालू घाटों की वर्तमान स्थिति, बालू उठाव एवं परिवहन की वैधता, घाटों पर रात्रि गश्ती की स्थिति तथा अवैध बालू उठाव एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।
पिछले एक महीने का भी मांगा गया रिकॉर्ड
पत्र में विशेष रूप से निर्देश दिया गया है कि पिछले एक माह के दौरान उक्त घाटों से संबंधित अवैध बालू उठाव एवं परिवहन के कितने मामले पुलिस के संज्ञान में आए और उन मामलों में क्या-क्या कार्रवाई की गई, इसका स्पष्ट विवरण भी प्रतिवेदन में दर्ज किया जाए। एसडीएम ने यह प्रतिवेदन अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
डीएम, एसएसपी और खनन विभाग को भी भेजी गई प्रतिलिपि
इस पत्र की प्रतिलिपि गयाजी के जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। ऐसे में खिजरसराय क्षेत्र के बालू घाटों पर अवैध उठाव की शिकायतों को लेकर प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर आगे की कार्रवाई और सख्त होने की उम्मीद है।
