कला के रंगों से सजा जेठियन नवोदय विद्यालय, 20 स्कूलों के बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 सितंबर 2026
गयाजी: PM SHRI जवाहर नवोदय विद्यालय, जेठियन, गयाजी में मंगलवार को क्लस्टर स्तरीय ‘आर्ट इन एजुकेशन’ सम्मेलन का आयोजन किया गया। दो दिवसीय सम्मेलन में पटना रीजन के 20 विद्यालयों से आए करीब 250 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम के पहले दिन विद्यालय परिसर में कला, रचनात्मकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
चित्रकला से लेकर नृत्य और नाट्य तक दिखी प्रतिभा
सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला, संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के साथ-साथ मिट्टी से बनाई गई कलाकृतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विद्यालयों से आए बच्चों की प्रस्तुतियों ने अतिथियों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।
नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक और शैक्षणिक संदेश भी दिए। कला के विभिन्न माध्यमों में बच्चों की कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति की क्षमता देखने को मिली।
एसडीएम केशव आनंद ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमचक बथानी के अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है। कला बच्चों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और कल्पनाशक्ति विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ कला और संस्कृति को भी शिक्षा का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
दूसरे दिन होगा उत्कृष्ट प्रतिभागियों का सम्मान
विद्यालय प्रशासन के अनुसार सम्मेलन 8 और 9 सितंबर को दो दिवसीय आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दूसरे दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य कला के माध्यम से बच्चों में सीखने, सोचने और अपनी बात को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना है। अलग-अलग विद्यालयों से आए विद्यार्थियों को एक-दूसरे की प्रतिभा और प्रस्तुतियों से सीखने का अवसर भी मिल रहा है।
कला और उत्साह का दिखा संगम
सम्मेलन के दौरान जेठियन नवोदय विद्यालय परिसर में कला, प्रतिभा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य दशरथ राम, कला शिक्षक संजीत कुमार सहित विद्यालय के कई शिक्षक मौजूद रहे।

