साइबर ठगी के शिकार दो लोगों को वापस मिले 74,999 रुपये
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 सितंबर 2026
गयाजी: जिला पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में साइबर ठगी के शिकार हुए पीड़ितों के खाते में कुल 74,999 रुपये वापस कराए हैं। साइबर थाना गयाजी की तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के बाद दोनों पीड़ितों को उनकी ठगी गई राशि वापस मिली।
मानपुर के मुकेश राज को वापस मिले 55 हजार रुपये
पुलिस के अनुसार, मानपुर डाक घर लेन निवासी मुकेश राज ने साइबर थाना गयाजी में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके बैंक खाते से कुल 55,000 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई है। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना द्वारा तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष, साइबर थाना गयाजी की निगरानी में तकनीकी जांच की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद मुकेश राज के खाते में 55,000 रुपये की पूरी राशि वापस करा दी गई।
नई गोदाम के राकेश कुमार को 19,999 रुपये वापस
दूसरे मामले में नई गोदाम, महारानी रोड निवासी राकेश कुमार ने 02 अगस्त 2026 को साइबर थाना गयाजी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बैंक खाते से 19,999 रुपये की साइबर ठगी कर ली है।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना की टीम ने साइबर पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई शुरू की। तकनीकी जांच के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राकेश कुमार के बैंक खाते में ठगी की 19,999 रुपये की राशि वापस करा दी।
साइबर ठगी होते ही तुरंत 1930 पर करें शिकायत
गयाजी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होने पर देरी नहीं करें। पीड़ित तत्काल 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा National Cyber Crime Reporting Portal पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में जितनी जल्दी शिकायत दर्ज की जाती है, उतनी ही जल्दी संबंधित लेन-देन को ट्रेस कर राशि को रोकने या वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।
पीड़ितों ने गयाजी पुलिस का जताया आभार
पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों पीड़ितों ने अपनी ठगी गई रकम वापस मिलने पर गया पुलिस और साइबर थाना की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।

