न्यायमूर्ति विवेक चौधरी ने मंडल कारा जहानाबाद का किया निरीक्षण, सुधारात्मक कार्यक्रमों और कारा प्रबंधन की सराहना
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 29 अगस्त 2026
जहानाबाद: पटना उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति बिवेक चौधरी के जहानाबाद आगमन पर जिला अतिथि गृह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने पुष्पगुच्छ, वाणावर की पेंटिंग एवं पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान न्यायमूर्ति को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
मंडल कारा का संयुक्त निरीक्षण
इसके बाद न्यायमूर्ति बिवेक चौधरी ने मंडल कारा, जहानाबाद का संयुक्त निरीक्षण किया। उन्होंने कारा अस्पताल, पाकशाला, महिला वार्ड, बंदी वार्ड तथा विभिन्न अभिलेखों एवं पंजियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन व्यवस्था, कारा परिसर की साफ-सफाई, हरित वातावरण और समग्र कारा प्रबंधन पर संतोष व्यक्त किया गया। न्यायमूर्ति ने कारा प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रबंधन एवं सुधारात्मक प्रयासों की सराहना की।
35 बंदियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन
निरीक्षण के दौरान 35 बंदियों के लिए 14 दिवसीय औषधीय पौधों के उत्पादन एवं वर्मी कम्पोस्टिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से बंदियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में उपयोगी कौशल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशिक्षित बंदियों को बांटे गए प्रमाण-पत्र
उद्यमिता विकास एवं एक माह का कंप्यूटर प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। प्रशिक्षित युवा बंदियों को राज्य सरकार की कौशल विकास एवं पुनर्वास योजनाओं से जोड़ने के लिए उनकी सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि जेल से बाहर निकलने के बाद वे रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ सकें।
महिला बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष पहल
महिला बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी निरीक्षण के दौरान महत्वपूर्ण पहल की गई। उनके लिए मनोचिकित्सक की प्रतिनियुक्ति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई, ताकि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को बेहतर तरीके से संबोधित किया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने की पहल
कारा की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने संबंधी पहल की भी जानकारी दी गई। वर्तमान चहारदीवारी की ऊंचाई 18 फीट से बढ़ाकर 21 फीट किए जाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
न्यायमूर्ति ने किया पौधारोपण, बंदियों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति बिवेक चौधरी ने कारा परिसर में पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं बंदियों ने सांस्कृतिक एवं ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
निरीक्षण के दौरान कारा प्रशासन द्वारा बंदियों के सुधार, कौशल विकास, पुनर्वास, स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण माना गया।
