राष्ट्रीय खेल दिवस पर सीयूएसबी में पोस्टर और क्विज प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई खेल प्रतिभा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 26 अगस्त 2026
गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में गेम्स एंड स्पोर्ट्स कमेटी द्वारा टीम स्माइल के सहयोग से पोस्टर निर्माण एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, रचनात्मकता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना रहा।
कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक, सामाजिक और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि “फिट युवा ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
पोस्टर में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि मालवीय भवन के योगा हॉल में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत: फिट यूथ, रेजिलिएंट नेशन’ विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के 23 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों ने पोस्टरों के माध्यम से खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर अपने रचनात्मक विचार प्रस्तुत किए।
क्विज में खेल और खिलाड़ियों से जुड़े सवाल
कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में करीब 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खेल, खिलाड़ियों और भारत की खेल उपलब्धियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। आयोजन को अनुशासित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन में डॉ. गौरव सिंह, प्रो. चेतना जायसवाल, डॉ. पिंटू लाल मंडल, श्रीमती रेनू, डॉ. पंकज कुमार रॉय और डॉ. समीहा भारती सहित विभिन्न विभागों के संकाय सदस्यों ने सहयोग किया।
खेलों को व्यक्तित्व विकास का माध्यम बताया
गेम्स एंड स्पोर्ट्स कमिटी के अध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार और प्रॉक्टर प्रो. प्रणव कुमार ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर प्रतिभागियों एवं आयोजन टीम का उत्साहवर्धन किया।
सहायक निदेशक, शारीरिक शिक्षा डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली जैसे गुण विकसित होते हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों के बीच ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के साथ खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम किया।
