गयाजी में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार बनाने और बेचने का काम करता था मनोज मिस्त्री, हुआ गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 जुलाई 2026,
गयाजी: जिला पुलिस और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वजीरगंज थाना क्षेत्र के बुधौल गांव में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों, बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरणों के साथ एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 22 जुलाई 2026 को एसटीएफ से सूचना मिली कि बुधौल गांव में मनोज मिस्त्री अपने घर में अवैध हथियारों का निर्माण और आपूर्ति कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वजीरगंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
भागने की कोशिश कर रहा आरोपी दबोचा गया
पुलिस टीम ने घर की घेराबंदी की तो एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे जवानों ने मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मनोज कुमार उर्फ मनोज मिस्त्री, पिता मदन मिस्त्री, निवासी बुधौल, थाना वजीरगंज, जिला गयाजी के रूप में बताई।
भूसा घर से मिला हथियारों का जखीरा
तलाशी के दौरान आरोपी के भूसा घर से दो देशी एकनाली बंदूक, एक देशी मस्कट, दो देशी कट्टा, एक अर्द्धनिर्मित कट्टा, 10 जिंदा कारतूस, एक अर्द्धनिर्मित बड़ा पिस्टल, सात खोखा सहित हथियार निर्माण में प्रयुक्त बड़ी संख्या में बैरल, स्प्रिंग, स्क्रू, हथौड़ी, पेचकस, आरी, रेती, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, लेथ मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
बरामद हथियारों के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर वजीरगंज थाना लाया गया। इस मामले में वजीरगंज थाना कांड संख्या 313/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह किसी संगठित हथियार तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

