नेत्रोत्सव में नवयौवन वेश में भक्तों को दिए दर्शन, इस्कॉन गयाजी में कल निकलेगी भव्य जगन्नाथ रथयात्रा

0
IMG-20260715-WA0011.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 15 जुलाई 2026,

गयाजी: पंद्रह दिनों के अनवसर (भगवान के विश्राम काल) के बाद इस्कॉन गयाजी में बुधवार को भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी ने नवयौवन वेश (नेत्रोत्सव) में भक्तों को दिव्य दर्शन दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस्कॉन गयाजी के अध्यक्ष जगदीश श्याम दास ने बताया कि 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जबकि भगवान के रथ को भी विशेष रूप से अलंकृत किया गया है।

रथयात्रा के बाद होगा सम्मान समारोह और महाप्रसाद

रथयात्रा के उपरांत इस्कॉन मंदिर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन किया जाएगा तथा रथयात्रा के सफल आयोजन में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा।

इसके साथ ही हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद भंडारे की भी व्यापक व्यवस्था की गई है। भोजन वितरण स्थल को सुव्यवस्थित ढंग से तैयार किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यूक्रेन की कृष्ण भक्त भी होंगी शामिल

इस वर्ष की रथयात्रा का एक विशेष आकर्षण यूक्रेन से आई कृष्ण भक्त युधेश्वरी राधा देवी दासी होंगी। वे रथयात्रा के दौरान “बारात ऑन व्हील्स” झांकी में प्रस्तुति देने वाली बालिकाओं का मार्गदर्शन करेंगी। इससे पहले उन्होंने गयाजी धाम पहुंचकर पवित्र फल्गु नदी के तट पर अपने पूर्वजों के निमित्त पिंडदान भी किया।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

इस्कॉन गयाजी ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार और मित्रों के साथ रथयात्रा महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि भक्त भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के दिव्य दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण करें और इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page