50 हजार का इनामी टॉप-10 अपराधी टिंकू सिंह गिरफ्तार, कई मामलों में चल रहा था फरार, परैया थाना क्षेत्र से दबोचा गया
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 जुलाई 2026,
गयाजी: गयाजी पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल ₹50 हजार के इनामी अपराधी टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चोखा उर्फ सत्यनारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम
वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। टिंकू सिंह की गिरफ्तारी के लिए नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव के मार्गदर्शन तथा वजीरगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र, मुफस्सिल थाना की पुलिस तथा तकनीकी शाखा के अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।
गुप्त सूचना पर परैया में हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी टिंकू सिंह परैया थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम ने इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से घेरकर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चोखा उर्फ सत्यनारायण सिंह, निवासी कुम्हारटोली, थाना मुफस्सिल, जिला गयाजी के रूप में बताई। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
फायरिंग मामले में भी थी संलिप्तता
पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को न्यू अबगीला पहाड़तल्ली क्षेत्र में फायरिंग की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस को देखकर कई संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 478/26 दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान टिंकू सिंह की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद वह गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा था।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं पांच आरोपी
पुलिस ने बताया कि इस फायरिंग कांड में शामिल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
दर्जनों आपराधिक मामलों का आरोपी
गिरफ्तार टिंकू सिंह उर्फ टिंकू कुमार उर्फ चोखा उर्फ सत्यनारायण सिंह पर गयाजी जिले के विभिन्न थानों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।
