11 जुलाई को उपराष्ट्रपति के गया दौरे को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 जुलाई 2026,
गयाजी: भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन के 11 जुलाई 2026 को प्रस्तावित गयाजी आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। वीवीआईपी सुरक्षा और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था 11 जुलाई को सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार मानपुर से बाईपास होते हुए बोधगया (अंडरपास) तक बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
इसके अलावा खटका चक से बिपार्ड, 05 नंबर गेट, हवाई अड्डा मोड़ और धनावां मोड़ तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर भी केवल आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को अनुमति होगी।
आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं—
🔹सिकरिया मोड़ → मगध मेडिकल कॉलेज → चेरकी रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकते हैं।
🔹मानपुर → केंदुई → राजापुर → बोधगया मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है।
प्रशासन ने सहयोग की अपील की
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन योजना का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर आवागमन से बचें। साथ ही यातायात पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें, ताकि उपराष्ट्रपति का दौरा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का परिचालन पूर्ववत जारी रहेगा और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
