जहानाबाद में दो गांवों के बीच खूनी संघर्ष, गोलीबारी में एक की मौत, छह घायल; 11 नामजद समेत 20 अज्ञात पर केस दर्ज
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 04 जुलाई 2026,
जहानाबाद: जिले के हुलासगंज प्रखंड अंतर्गत घोसी थाना क्षेत्र में शनिवार को दो गांवों के लोगों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।
मारपीट के बाद हुई गोलीबारी
जानकारी के अनुसार, गिंजी और चैतीपीपर गांव के लोगों के बीच पहले विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी में बदल गया। दोनों गांवों के बीच लगभग एक किलोमीटर की दूरी है और घटना दोनों गांवों की सीमा के पास हुई।
घटना में घायल सभी लोगों को पहले घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया।
इलाज के दौरान धीरज कुमार की मौत
पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल धीरज कुमार की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बालू खनन और मोटर चोरी के विवाद से जुड़ रहा मामला
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों गांवों के बीच पहले से फल्गु नदी में अवैध बालू खनन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा गिंजी गांव में खेतों से सबमर्सिबल मोटर की लगातार चोरी की घटनाएं भी हो रही थीं।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी एक किसान के खेत से मोटर चोरी हुई थी। चोरी के संदेह में गिंजी गांव के कुछ लोग चैतीपीपर गांव के एक पुराने दागी से पूछताछ करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक संघर्ष में बदल गई।
11 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी
घटना के संबंध में चैतीपीपर गांव की ओर से गिंजी गांव के 11 नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ घोसी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
एसडीपीओ बोले- इलाके में पुलिस बल तैनात
घोसी के एसडीपीओ कृति कमल ने बताया कि घायल धीरज कुमार की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि दोनों गांवों के बीच तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है। घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर पुलिस के द्वारा निष्पक्ष जांच की जा रही है। अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा इसके उपरांत दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
