अतरी के नौरंगा गांव में 10 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के बाद हत्या, पूरे इलाके में सनसनी
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 जून 2026,
गयाजी: अतरी प्रखंड के डिहुरी पंचायत अंतर्गत नौरंगा गांव में 10 वर्षीय शबनम कुमारी की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। मांझी समाज से ताल्लुक रखने वाली शबनम अपने माता-पिता की सबसे बड़ी संतान थी और उसका एक छोटा भाई है। पिता के अनुसार शबनम बोलने में असमर्थ थी और उसकी मानसिक स्थिति भी ज्यादा अच्छी नहीं थी।
घटना के अनुसार शबनम कुमारी रविवार की रात्रि खाना खाकर सो गई थी पर सुबह अपने बिस्तर पर नहीं मिली। जब इसकी जानकारी परिजनों को मिली तो उसकी तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार शाम करीब 3 बजे उसका शव घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर नवा आहर, मुड़ो बीघा के पास झाड़ियों में फेंका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस घटना की सूचना परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नीमचक बथानी और अतरी थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ए.एन.एम.सी.एच.ए, गयाजी भेज दिया गया।
विशेष जांच टीम का गठन
वरीय पुलिस अधीक्षक, सुशील कुमार ने इस कांड के त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नीमचक बथानी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में अतरी थानाध्यक्ष और थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल किए गए हैं। साथ ही, एफएसएल टीम और तकनीकी टीम को घटनास्थल से साक्ष्य संकलन के लिए भेजा गया है।
मामला दर्ज और जांच शुरू
शबनम के पिता सुखदेव मांझी के आवेदन के आधार पर अतरी थाना में कांड संख्या 259/26 दिनांक 23.06.2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
आज दिनांक 23.06.2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, गयाजी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का सूक्ष्म अवलोकन कर मामले की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही, संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कांड के त्वरित एवं वैज्ञानिक अनुसंधान, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
