विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह पर सीयूएसबी में 620 पौधों का वृक्षारोपण, हरित परिसर निर्माण का लिया संकल्प
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 जून 2026,
गयाजी: रविवार को दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के 300 एकड़ परिसर में कुल 620 पौधों का रोपण किया गया। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा हरित परिसर के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ा विश्वविद्यालय
वृक्षारोपण कार्यक्रम भारत सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए देशव्यापी वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य परिसर में हरित आवरण बढ़ाना, वृक्ष विविधता को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कुलपति ने दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
इस अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के संरक्षण-संवर्धन का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने की सतत प्रक्रिया है।
परिसर के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए पौधे
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि पौधारोपण अभियान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, विज्ञान भवन, केंद्रीय पुस्तकालय परिसर, मधुबन कैंटीन क्षेत्र, कृषि प्रक्षेत्र, छात्रावास परिसर, खेल मैदान, आवासीय क्षेत्र तथा उद्यान परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर चलाया गया। इस दौरान महोगनी, मौलश्री, अमलतास, गुलमोहर, पाकड़, इमली, पीपल, आम, जामुन, अमरूद, चीकू, शहतूत, लीची और पाम सहित कई बहुवर्षीय एवं फलदार पौधे लगाए गए।
शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में कुलसचिव नरेंद्र कुमार राणा, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं इग्नू अध्ययन केंद्र से जुड़े विद्यार्थियों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों को अलग-अलग स्थानों पर पौधारोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसके तहत सभी ने उत्साहपूर्वक अभियान को सफल बनाया।
कृषि विभाग की रही महत्वपूर्ण भूमिका
वृक्षारोपण अभियान के सफल संचालन, पौधों के चयन, रोपण स्थलों की पहचान और समन्वय कार्य में कृषि विभाग के डॉ. हेमंत कुमार सिंह की विशेष भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम का व्यवस्थित संचालन किया गया।
हरित भविष्य के निर्माण का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अवसर पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से विश्वविद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
