DFC परियोजना में पुल और जल निकासी की मांग को लेकर किसानों की बैठक, आंदोलन की चेतावनी

0
Screenshot_2026_0521_095049.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 मई 2026,

गयाजी: जिले के मानपुर प्रखंड अंतर्गत गेरे पंचायत के गेरे गांव में निर्माणाधीन ईस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFC) रेल परियोजना को लेकर ग्रामीणों एवं किसानों की एक सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई तथा किसानों ने पुल और समुचित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

जलजमाव और खेती प्रभावित होने की आशंका

बैठक की अध्यक्षता कर रहे श्याम नंदन सिंह ने कहा कि डीएफसी परियोजना के तहत हो रही मिट्टी भराई के दौरान कई स्थानों पर पानी निकासी के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। साथ ही ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि वाहनों के आवागमन के लिए भी रास्ता नहीं छोड़ा गया है। उन्होंने आशंका जताई कि बरसात के मौसम में गांव में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे खेती योग्य भूमि प्रभावित होगी और किसानों को सिंचाई, जोताई एवं कटाई जैसे कार्यों में भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी।

पुलिया और कल्वर्ट निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने मांग की कि निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक के नीचे आवश्यक स्थानों पर पुलिया एवं कल्वर्ट का निर्माण कराया जाए, ताकि पानी की निकासी सुचारु बनी रहे और कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले वाहनों का आवागमन बाधित न हो। किसान अलखदेव सिंह ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में रेलवे अधिकारियों को लिखित आवेदन भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

आंदोलन की दी चेतावनी

बैठक में मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो निर्माण कार्य का बहिष्कार किया जाएगा तथा मिट्टी भराई का कार्य रोकने को लेकर आंदोलन किया जाएगा। किसान बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भूमि अधिग्रहण के समय भी इन समस्याओं को रेल मंत्रालय और बिहार सरकार के समक्ष रखा गया था, लेकिन समाधान अब तक नहीं हो सका है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

बैठक में मुखिया संटू सिंह, चुन्नू सिंह, मुन्नू सिंह, नरेंद्र सिंह, त्रिवेणी सिंह, पुकार सिंह, दिनेश सिंह, संतोष सिंह, धनंजय सिंह, विश्वनाथ सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page