गयाजी में हीट वेव और जल संकट को लेकर हाई लेवल बैठक, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 मई 2026,
गयाजी। अत्यधिक गर्मी, संभावित लू (हीट वेव), जल संकट, बाढ़ एवं संभावित सुखाड़ की स्थिति से निपटने को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विधायक प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान डीएम ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करते हुए आम लोगों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिले में 3445 चापाकलों की मरम्मत, 144 नए चापाकल लगाए गए
बैठक में पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले का भूगर्भ जलस्तर 35.30 फीट था, जो इस वर्ष बढ़कर 36.47 फीट हो गया है। जल संकट को देखते हुए जिले में अब तक 3445 चापाकलों की मरम्मत की जा चुकी है। वहीं जल संकट वाले टोलों में 144 नए चापाकल लगाए गए हैं।
डीएम शशांक शुभंकर ने बताया कि छूटे हुए टोलों में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 543 नई जलापूर्ति योजनाएं शुरू की गई हैं। इन योजनाओं के तहत बोरिंग एवं स्टैंड पोस्ट लगाकर सीधे लोगों तक पानी पहुंचाया जा रहा है।
बंद नल-जल योजनाओं को तीन दिन में चालू करने का निर्देश
जिला पंचायत राज पदाधिकारी द्वारा कराए गए निरीक्षण में 2480 नल-जल योजनाओं में से 2195 चालू जबकि 285 योजनाएं बंद पाई गईं। इस पर डीएम ने सभी बंद योजनाओं को तीन दिनों के भीतर चालू करने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही सभी बीडीओ को नियमित रूप से नल-जल योजनाओं की निगरानी करने को कहा गया।
डीएम ने बताया कि 25 मई से 2 जून तक जिले में हीट वेव की आशंका है। इसे देखते हुए किसी भी क्षेत्र में पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए और जलापूर्ति हर हाल में सुचारू रखी जाए।
68 स्थानों पर टैंकर से हो रही जलापूर्ति
अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि जिले में वर्तमान समय में 68 स्थानों पर टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति कराई जा रही है। इनमें नगर निगम गयाजी द्वारा 32 टैंकरों से शहरी क्षेत्रों में पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा शेरघाटी, बोधगया, फतेहपुर, डोभी और खिजरसराय क्षेत्रों में भी टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जा रहा है।
डीएम ने आम लोगों के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0631-2222253 और 0631-2222259 जारी करते हुए कहा कि पानी, चापाकल मरम्मत या जल संकट से जुड़ी शिकायतें यहां दर्ज कराई जा सकती हैं।
बाढ़ और सुखाड़ से निपटने की तैयारी पूरी
कृषि विभाग ने बैठक में बताया कि डीजल अनुदान, फसल क्षति राहत और आकस्मिक फसल योजना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं पशुपालन विभाग ने जानकारी दी कि पशु चारा, दवाओं और राहत शिविरों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जिले में 57 पशु अस्पताल और 43 प्रकार की पशु दवाएं उपलब्ध हैं।
अस्पतालों में हीट वेव वार्ड तैयार रखने का निर्देश
हीट वेव को लेकर डीएम ने सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष वार्ड सुरक्षित रखने, एयर कंडीशनर, आइस पैक, डीप फ्रीजर और ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी एंबुलेंस में भी एयर कंडीशनिंग और आइस पैक उपलब्ध रहें ताकि मरीजों को त्वरित राहत मिल सके।
जिले में 29 अग्निशमन वाहन तैनात
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के विभिन्न अनुमंडलों और थाना क्षेत्रों में 29 अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं, ताकि आगजनी की किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
