केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी, पुलिस जुटी जांच में
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 मई 2026,
गयाजी: केंद्रीय मंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकी देने का मामला सामने आया है। एक वायरल वीडियो में एक युवक केंद्रीय मंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी देता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में युवक कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए मंत्री जीतन राम मांझी को निशाना बना रहा है। वीडियो में वह “यादव दरोगा को टारगेट करना छोड़ दो” जैसी बातें कहते हुए दिखाई दे रहा है। मामला ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी पर हुए हमले को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से ही गरमाया हुआ है।
एसएसपी ने लिया तत्काल संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए गयाजी के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) सुशील कुमार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसएसपी के आदेश पर धमकी देने वाले युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।
आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
एसएसपी सुशील कुमार ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या किसी जनप्रतिनिधि एवं केंद्रीय मंत्री के खिलाफ धमकी भरी भाषा का प्रयोग करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास वीडियो में दिख रहे युवक से संबंधित कोई जानकारी हो तो वह पुलिस को उपलब्ध कराए, ताकि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल
इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी बिहार की राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री पद पर हैं। ऐसे में उन्हें सोशल मीडिया पर मिली धमकी को पुलिस प्रशासन गंभीरता से ले रहा है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो की तकनीकी जांच जारी है और आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
