एल.पी. शाही मेमोरियल नेशनल मूट कोर्ट में सीयूएसबी की बड़ी जीत, 21 हजार का पुरस्कार हासिल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी / मुजफ्फरपुर | 13 अप्रैल 2026,
गयाजी/मुजफ्फरपुर: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस (एसएलजी) के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम एल.पी. शाही मेमोरियल नेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। यह प्रतियोगिता श्री कृष्ण सिंह जुबिली लॉ कॉलेज द्वारा आयोजित की गई थी।
सीयूएसबी की विजेता टीम में करण कुमार, समीर संजय और सत्य सनातन (बीए एलएलबी, छठा सेमेस्टर) शामिल रहे। टीम ने अपने प्रभावशाली तर्क और गहन शोध के आधार पर निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान हासिल करते हुए 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी जीती। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा तथा एसएलजी के डीन एवं अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार ने विजेता टीम को बधाई दी।
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर की टीमों ने हिस्सा लिया था, जिसमें सीयूएसबी के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कठिन और समसामयिक मुद्दों पर बहस
मूट कोर्ट सोसाइटी के समन्वयक मणि प्रताप ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय बेहद चुनौतीपूर्ण था। इसमें जेंडर-स्पेसिफिक कानूनों की संवैधानिकता, घरेलू हिंसा, मानसिक क्रूरता और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर कानूनी मुद्दों पर बहस हुई। सीयूएसबी की टीम ने इन विषयों पर अपने सशक्त तर्क और गहन अध्ययन से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।
वरिष्ठ न्यायाधीशों ने किया मूल्यांकन
प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में नीलू अग्रवाल, सोनी श्रीवास्तव और समरेंद्र प्रताप सिंह जैसे वरिष्ठ न्यायाधीशों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
शिक्षकों और समन्वयकों ने दी बधाई
इस सफलता पर मूट कोर्ट सोसाइटी के समन्वयक मणि प्रताप, सह-समन्वयक डॉ. कुमारी नीतू एवं डॉ. चन्दना सूबा सहित विभाग के कई प्राध्यापकों और छात्र समन्वयकों ने विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं।
