गयाजी डैम से 3 अप्रैल की रात छोड़ा जाएगा पानी, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 अप्रैल 2026,
गयाजी; जिला प्रशासन ने 3 अप्रैल 2026 की रात गयाजी डैम से डाउनस्ट्रीम में पानी छोड़ने की घोषणा की है। डैम में जलस्तर घटने और घाटों पर बढ़ती दुर्गंध को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी के तल और घाट क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
डैम से पानी छोड़ने का फैसला
गयाजी डैम के अपस्ट्रीम में मानसून के दौरान संग्रहित जल का उपयोग पूरे वर्ष तर्पण और पिंडदान जैसे धार्मिक कार्यों में किया जाता है। लेकिन फल्गु नदी के बरसाती स्वरूप के कारण मानसून के बाद जल का पुनः संग्रह नहीं हो पाता, जिससे डैम का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो जाता है।
दुर्गंध और प्रदूषण बनी समस्या
मार्च के बाद डैम में जलस्तर घटने के साथ-साथ लाखों श्रद्धालुओं द्वारा प्रवाहित पिंड और पूजन सामग्री के कारण देवघाट एवं अन्य घाटों के आसपास दुर्गंध की समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सफाई के लिए उठाया गया कदम
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने डैम के अपस्ट्रीम में बचे हुए जल को डाउनस्ट्रीम में छोड़ने का निर्णय लिया है। इससे नदी की सफाई संभव हो सकेगी और आगामी मानसून 2026 से पहले जल संसाधन विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा समुचित साफ-सफाई कराई जाएगी।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि डैम के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र, विशेष रूप से संगत घाट, ब्राह्मणी घाट और अन्य नदी तल क्षेत्रों में कोई भी व्यक्ति न जाए।
साथ ही, नदी के तल में यदि किसी प्रकार की अस्थायी बसावट है, तो उसे तुरंत हटा लिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति से बचा जा सके।
3 अप्रैल की रात होगा जल प्रवाह
प्रशासन के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 की रात गयाजी डैम से पानी डाउनस्ट्रीम में छोड़ा जाएगा। इस दौरान सतर्कता बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
