गयाजी के रबर डैम से सफाई के दौरान मिला संदिग्ध ट्रॉली बैग, अंदर मिले 8 जिंदा कारतूस

0
IMG-20260321-WA0005.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 मार्च 2026,

गयाजी; जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से शुक्रवार को एक संदिग्ध ट्रॉली बैग बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि डैम में चल रहे नियमित सफाई अभियान के दौरान पानी और कचरे के बीच एक लावारिस ट्रॉली बैग दिखाई दिया। जब बैग को बाहर निकालकर खोला गया तो उसके अंदर आठ जिंदा कारतूस मिलने से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, बैग को लिया कब्जे में

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रॉली बैग को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में बैग से .315 बोर के आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा बैग से आधार कार्ड, पैन कार्ड और हथियार लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।

दस्तावेजों से रिटायर्ड आर्मी अधिकारी की पहचान

पुलिस के अनुसार बैग में मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड निवासी सुधीर कुमार के रूप में हुई है। वे एक रिटायर्ड आर्मी अधिकारी बताए जा रहे हैं।

मोबाइल नंबर से खुलने लगी गुत्थी

बैग में मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सुधीर कुमार ने बताया कि वे वर्ष 2025 में गया आए थे और निजी सुरक्षा गार्ड की नौकरी की तलाश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर 2025 की रात वह मगध मेडिकल इलाके से स्टेशन जा रहे थे। ऑटो में सफर के दौरान उन्हें नींद आ गई और जब उनकी आंख खुली तो उनका ट्रॉली बैग गायब था।

पहले से दर्ज है चोरी की प्राथमिकी

सुधीर कुमार के अनुसार बैग चोरी होने के बाद उन्होंने इसकी शिकायत मगध मेडिकल थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में भी यह सामने आया है कि बैग चोरी होने की प्राथमिकी पहले से दर्ज है।

कई सवालों के बीच पुलिस की जांच जारी

इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी हुआ बैग रबर डैम तक कैसे पहुंचा, क्या कारतूसों का इस्तेमाल किसी वारदात के लिए किया जाना था या फिर सबूत मिटाने के लिए बैग को यहां फेंका गया। बैग में कुछ और भी था जो गायब हो गया।

सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और भौतिक दोनों स्तरों पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मुफस्सिल थाना और मगध मेडिकल थाना की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page