572 करोड़ का बजट पास: गया नगर निगम ने विकास और सौंदर्यीकरण की योजनाओं को दी रफ्तार

0
1772207495516.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 फरवरी 2026,

गयाजी; गया नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 572 करोड़ 18 लाख 68 हजार 305 रुपये का बजट पारित कर दिया है। शुक्रवार को निगम सभागार में आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठक में यह बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। बैठक की अध्यक्षता मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने की। बैठक में डिप्टी मेयर चिंता देवी, नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अब बजट को अंतिम स्वीकृति के लिए निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा।

नो प्रॉफिट नो लॉस का विकासोन्मुखी बजट

मेयर ने बताया कि यह बजट नो प्रॉफिट नो लॉस के सिद्धांत पर आधारित है। शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने पर विशेष फोकस रखा गया है। धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण गयाजी को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जल-जीवन-हरियाली पर जोर

बैठक में बताया गया कि 15वें और 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण और हरित विकास योजनाओं पर बड़े पैमाने पर खर्च किया जाएगा। साथ ही ड्रेनेज सिस्टम, नाला निर्माण और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।

सड़कों, जलापूर्ति और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का विस्तार

बजट में शहर के प्रमुख और आंतरिक पथों के निर्माण, जलापूर्ति व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, हाई मास्ट लाइट और स्ट्रीट लाइट लगाने, कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन वेस्ट निस्तारण तथा लीचेट ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की योजना शामिल है।

सौंदर्यीकरण और प्रदूषण नियंत्रण की नई योजनाएं

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, गोलंबर निर्माण, फाउंटेन और स्क्वायर डेवलपमेंट, ग्रीन एरिया विस्तार, सर्विलांस सिस्टम तथा स्मॉग टॉवर के माध्यम से प्रदूषण नियंत्रण की भी योजना बनाई गई है। इसके अलावा सम्राट अशोक भवन के द्वितीय तल का निर्माण और गांधी स्मारक के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव रखा गया है।

रोजगार और सामाजिक योजनाओं को भी प्राथमिकता

राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत कंप्यूटर, सिलाई और ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण देकर युवाओं को रोजगार से जोड़ने की योजना बनाई गई है। साथ ही वृद्धा आश्रम संचालन, स्लम क्षेत्रों में सामुदायिक भवन निर्माण, स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना और आवास योजनाओं को भी बजट में शामिल किया गया है।

शहर के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम

करीब 572 करोड़ रुपये का यह बजट शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन हुआ, तो आने वाले वर्षों में शहर की आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page