बोधगया में अग्निवीर भर्ती की तैयारी तेज, मगध विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण

0
IMG-20260217-WA0011.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 फरवरी 2026,

गयाजी; बोधगया में अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रस्तावित भर्ती स्थल मगध विश्वविद्यालय परिसर का मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से गहन निरीक्षण किया।

वरीय अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

निरीक्षण दल में सेना भर्ती निदेशक आर. मदन मोहन, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार एवं सिविल सर्जन राजाराम प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, मेडिकल जांच स्थल, शारीरिक दक्षता परीक्षा मैदान, पेयजल, शौचालय तथा प्रतीक्षा क्षेत्र का निरीक्षण किया।

5 से 20 मार्च तक चलेगी चयन प्रक्रिया

कर्नल आर. मदन मोहन ने बताया कि 05 मार्च 2026 से 20 मार्च 2026 तक अग्निवीर भर्ती की चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने युवाओं से दलालों एवं अफवाहों से सावधान रहने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि चयन केवल निर्धारित आधिकारिक प्रक्रिया के माध्यम से ही होगा।

सुरक्षा, यातायात और मेडिकल व्यवस्था पर विशेष जोर

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भर्ती के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। परिसर में सीसीटीवी कैमरे और विशेष निगरानी टीम के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने की जानकारी दी। प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना को देखते हुए मेडिकल टीम, एंबुलेंस एवं आपातकालीन सेवाओं की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। अभ्यर्थियों के लिए ‘जीविका दीदी की रसोई’ की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

यह भर्ती अभियान भारतीय सेना में सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page