गयाजी में जिला व प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन, 11 व 12 फरवरी को होंगे मुकाबले
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 फरवरी 2026,
गयाजी; खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, गयाजी के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से गयाजी में जिला स्तरीय एवं मगध प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन 11 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से किया जाएगा, जबकि मगध प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता 12 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से आयोजित होगी। दोनों ही प्रतियोगिताएं खेल परिसर, गया कॉलेज, गयाजी में संपन्न होंगी।
इस दिव्यांग खेल प्रतियोगिता में शारीरिक दिव्यांगता, मंदबुद्धि, दृष्टिहीन, बधिर एवं गूंगा श्रेणी के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में अधिकतम 30 वर्ष आयु तक के दिव्यांग बालक एवं बालिका खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत दिव्यांग एथलेटिक्स, ब्लाइंड क्रिकेट एवं ब्लाइंड फुटबॉल जैसे खेलों का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी मगध प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता कोटि प्रमाण-पत्र, विहित योग्यता प्रमाण-पत्र की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ आयोजन स्थल पर निबंधन कराना अनिवार्य होगा। निबंधन के पश्चात ही खिलाड़ी खेल प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। जिला प्रशासन ने दिव्यांग खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।