77वें गणतंत्र दिवस पर गांधी मैदान में मुख्य समारोह, आयुक्त ने किया झंडोत्तोलन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 26 जनवरी 2026,
गयाजी; गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में मगध प्रमंडल आयुक्त डॉ. सफ़ीना ए. एन. ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
आयुक्त ने बताया कि गया जिले के सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जिले में 15 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निर्माण हो चुका है, जबकि 192 के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
आयुष्मान भारत योजना की प्रगति
आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत जिले में अब तक 14,29,471 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस योजना के अंतर्गत 5,68,361 परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में लाया गया है।
जल-जीवन-हरियाली अभियान में उल्लेखनीय कार्य
जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत मनरेगा से 7.68 लाख पौधों का रोपण किया गया है। साथ ही 213 आहर, 181 पइन और 44 सार्वजनिक तालाबों का जीर्णोद्धार किया गया है। इसके अतिरिक्त 53 खेत पोखरी और 307 सोख्ता का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
हर खेत को पानी योजना
सात निश्चय पार्ट-2 के अंतर्गत हर खेत को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के लिए मनरेगा से 41 चेक डैम का निर्माण कराया जा रहा है।
कन्या विवाह मंडप और पंचायत भवन
पंचायती राज विभाग द्वारा कन्या विवाह मंडप योजना के तहत जिले की 320 ग्राम पंचायतों में से प्रथम चरण में 64 पंचायतों का चयन किया गया है। 20 पंचायतों में राशि उपलब्ध हो चुकी है, जहां निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं 131 पंचायत भवनों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है, जिनमें आरटीपीएस सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एससी-एसटी पीड़ितों को मुआवजा
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार अधिनियम के अंतर्गत 597 पीड़ितों के बीच कुल 4 करोड़ 33 लाख 32 हजार 628 रुपये की राशि का वितरण किया गया है।
कृषि और किसानों को बढ़ावा
खरीफ मौसम में जलवायु अनुकूल कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत वेबी कार्न और स्वीट कार्न की खेती कराई जा रही है। इसके लिए 480 किसानों को अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराए गए हैं।
जीविका से जुड़ रहीं लाखों महिलाएं
जिले के 24 प्रखंडों की सभी पंचायतों में जीविका के माध्यम से लगभग 6.40 लाख परिवार जुड़े हुए हैं। वर्तमान में विभिन्न बैंकों में जीविका दीदियों के 48,049 स्वयं सहायता समूहों के बचत खाते संचालित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्रमशक्ति योजना
मुख्यमंत्री श्रमशक्ति योजना के तहत जिले में 7 ट्रेड केंद्रों के संचालन का प्रस्ताव है, जिनमें से एक ट्रेड केंद्र सरबहदा, खिजरसराय में संचालित हो रहा है।
झांकी प्रतियोगिता और सम्मान
झंडोत्तोलन के बाद विभिन्न विभागों द्वारा जनसरोकार से जुड़ी आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इसमें शिक्षा विभाग को प्रथम, आईसीडीएस को द्वितीय और जनता दरबार को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रंजीत कुमार और राकेश कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में आइजी क्षत्रनिल सिंह, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।