युवा सप्ताह के तहत जगजीवन कॉलेज में भव्य बॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 जनवरी 2026,
गयाजी; युवा सप्ताह के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जगजीवन कॉलेज, गयाजी इकाई द्वारा महाविद्यालय परिसर में बॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं टीम वर्क को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगजीवन कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. सत्येन्द्र प्रजापति रहे। इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री मोहित भदौरिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पवन मिश्रा, महानगर सह मंत्री रितिक रौशन, मानपुर नगर अध्यक्ष डॉ. संगीता कुमारी एवं नगर मंत्री आयुष कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. आचार्य शंकर, डॉ. पूर्णेंदु, रतिकांत दास एवं विनेश सिंह भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है, जिससे शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक क्षमता का विकास होता है। प्रतियोगिता का सफल संचालन अभाविप जगजीवन कॉलेज इकाई के कार्यकर्ता यशवंत कुमार, हिमांशु कुमार एवं अर्णब कुमार के कुशल नेतृत्व एवं देखरेख में संपन्न हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में सोनू कुमार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि विपुल की टीम उपविजेता रही।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा मोमेंटो एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभाविप के कार्यकर्ता कृष्णा, नीतीश, पंकज, अमन शर्मा, संजीव, गोलू, प्रभाकर, बाला, छोटू, दीपक, अभिनंदन, युवराज शिवशंकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
