उप विकास आयुक्त ने काको प्रखंड व मनरेगा कार्यालय का किया निरीक्षण

0
1768583986892.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 16 जनवरी 2026,

जहानाबाद। जिले के उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति द्वारा आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को प्रखंड कार्यालय, काको एवं मनरेगा कार्यालय, काको का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करना था।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रखंड कार्यालय एवं मनरेगा कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया। इनमें अनुक्रमिका पंजी, योजना पंजी, रोकड़वही, आगत पंजी, निर्गत पंजी, आकस्मिकता पंजी, शिकायत पंजी एवं उपस्थित पंजी शामिल थे। उन्होंने इन अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं अद्यतन संधारण हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी, काको को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके पश्चात उप विकास आयुक्त ने प्रखंड परिसर में अवस्थित मनरेगा कार्यालय का निरीक्षण किया। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को संतोषजनक पाया गया, हालांकि नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित रूप से ससमय कार्यालय आने तथा कार्यालय में प्रवेश एवं निर्गमन के समय बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सभी कर्मियों को पहचान पत्र के साथ कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश भी दिया गया।

उप विकास आयुक्त द्वारा प्रखंड कार्यालय एवं मनरेगा कार्यालय के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान आरटीपीएस केंद्र का भी निरीक्षण किया गया तथा आम नागरिकों के प्रति पूर्ण संवेदनशीलता के साथ सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त के साथ जिला विकास पदाधिकारी, स्मृति, निदेशक एनईपी सुदर्शन कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा राजेश कुमार, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सोयेव अख्तर, लेखापाल प्रकाश कुमार, स्टेनोग्राफर नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page