ईद-उल-फितर को लेकर जहानाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, सुबह 7 से 11 बजे तक रहेगा विशेष रूट प्लान

0
Screenshot_2026_0321_000854.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 20 मार्च 2026,

जहानाबाद, जिले में दिनांक 21 मार्च 2026 ईद उल फ़ित्र के अवसर पर जहानाबाद शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार 21 मार्च को सुबह 7 बजे से दोपहर 11 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा, ताकि नमाज के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

गयाजी से पटना जाने वाले वाहनों के लिए निर्देश

प्रशासन के अनुसार गयाजी से पटना की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन सीधे एनएच-22 से पटना की ओर जाएंगे। इन वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

गयाजी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

गयाजी की ओर जाने वाले वाहनों को काको मोड़ से बरबट्टा मोड़, एसएस कॉलेज और अंबेडकर चौक होते हुए गयाजी की तरफ भेजा जाएगा। इसी तरह पटना से गयाजी जाने वाले सभी वाहन भी एनएच-22 के माध्यम से ही अपने गंतव्य की ओर जाएंगे और उन्हें शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

अरवल, घोषी और हुलासगंज मार्ग में बदलाव

अरवल मोड़ से घोषी और हुलासगंज की ओर जाने वाले सभी वाहन अस्पताल मोड़ से होकर गुजरेंगे। इस दौरान इन वाहनों को भी शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

शहर में ऑटो परिचालन की सीमा तय

प्रशासन ने शहर के अंदर ऑटो रिक्शा के परिचालन के लिए भी सीमा निर्धारित की है। एरकी की ओर से आने वाले ऑटो अंबेडकर चौक तक ही चलेंगे, जबकि पटना की ओर से आने वाले ऑटो काको मोड़ तक ही संचालित होंगे।

यात्रियों से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही यह भी बताया गया है कि अपरिहार्य परिस्थितियों में समय-सीमा में बदलाव संभव है। विशेष परिस्थिति में शहर में प्रवेश के लिए यातायात पुलिस उपाधीक्षक से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page