जहानाबाद में 06 से 09 जनवरी तक फार्मर रजिस्ट्री एवं e-KYC के लिए विशेष अभियान
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 05 जनवरी 2026,
जहानाबाद। एग्री स्टैक परियोजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और e-KYC कार्यों में तेजी लाने के लिए जिला प्रशासन ने चार दिवसीय विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है। जिला कृषि पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में कुल 41,582 सक्रिय पीएम किसान लाभुक पंजीकृत हैं, जिनमें से 18,970 (46%) किसानों का e-KYC पूरा हो चुका है। अब तक 7,027 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री किया गया है, जिसमें पीएम किसान लाभुकों की संख्या मात्र 3,153 है, जो कुल का 4.8% है। इस धीमी प्रगति पर डीएम ने असंतोष व्यक्त करते हुए सभी
अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।
06 से 09 जनवरी 2026 तक विशेष कैम्प
राज्य सरकार के निर्देश पर प्रथम चरण में 06, 07, 08 एवं 09 जनवरी 2026 को सभी पंचायतों में फार्मर रजिस्ट्री के लिए विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी के प्रमुख निर्देश:
🔹सभी राजस्व कर्मी यह सुनिश्चित करेंगे कि जिले के प्रत्येक पीएम किसान लाभुक का शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री कैम्प के माध्यम से पूर्ण हो।
🔹कैम्प में केवल उन्हीं किसानों का रजिस्ट्री होगा जिनके पास वैध जमाबंदी रसीद उपलब्ध होगी।
🔹सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी पंचायतवार प्रगति प्रतिवेदन प्रतिदिन शाम 5 बजे तक जिला कृषि कार्यालय को भेजेंगे।
🔹जिला कृषि पदाधिकारी प्रतिदिन संकलित रिपोर्ट डीएम को उपलब्ध कराएंगे।
🔹अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाचार पत्र, सोशल मीडिया, बैनर–प्लैक्स, पम्पलेट आदि का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
🔹सभी पंचायत भवनों एवं प्रखंड कार्यालयों में तत्काल प्रभाव से बैनर लगाने का निर्देश।
🔹जिला स्तरीय अनुश्रवण टीम गठित की जाएगी जो नियमित रूप से कैम्पों की समीक्षा करेगी।
🔹प्रखंड कृषि पदाधिकारी पंचायत स्तर पर कैम्प के GPS फोटो भेजना सुनिश्चित करेंगे।
डीएम ने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। समयबद्ध एवं लक्ष्य आधारित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कृषकों से अपील
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पीएम किसान योजना के लाभ सरलता से प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य है। किसान अपने किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक या हल्का कर्मचारी से संपर्क कर आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और वैध ऑनलाइन जमाबंदी की प्रति के साथ रजिस्ट्री करवा सकते हैं।
06 से 09 जनवरी तक आयोजित विशेष कैम्पों में अधिक से अधिक किसानों से जुड़ने और लाभ उठाने की अपील की गई है।