घोसी विधानसभा के सलेमपुर बूथ पर शांतिपूर्ण मतदान, मतदाताओं में दिखा उत्साह
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 11नवंबर 2025,
जहानाबाद: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में मंगलवार को घोसी विधानसभा क्षेत्र के सलेमपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय बूथ नंबर 264 पर मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मतदान केंद्र पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीणों में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
सलेमपुर के साथ-साथ केदारपुर और मानोबिगहा गांव के मतदाता भी इस केंद्र पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने बिना किसी भय और दबाव के स्वतंत्र रूप से अपना वोट डाला।
मतदान केंद्र पर प्रशासन की ओर से बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। बिजली, पेयजल और व्हीलचेयर जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध थीं, जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
सुरक्षा की दृष्टि से भी पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी के चलते मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस बार प्रशासन की व्यवस्था बेहतर रही और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चली।