मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुर्जी नाला परियोजना का किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने का निर्देश
आर्यावर्त वाणी | पटना | 15 फरवरी 2026,
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज आशियाना-दीघा रोड स्थित राजीव नगर के समीप निर्माणाधीन कुर्जी नाला (राजीव नगर नाला) परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आनंदपुरी नाला के कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने नाला निर्माण योजना के अंतर्गत नाले के पक्कीकरण तथा उसके ऊपर टू-लेन सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से राजधानी में जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।
जल निकासी व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव नगर नाला पटना शहर की जल निकासी प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। लगभग 4.26 किलोमीटर लंबा यह नाला दीघा-आशियाना रोड से शुरू होकर कुर्जी ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन तक जाता है। इसके सुदृढ़ीकरण से मानसून के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या में कमी आएगी।
वहीं आनंदपुरी नाला, जिसकी लंबाई लगभग 4 किलोमीटर है, बाबा चौक से प्रारंभ होकर अटल पथ एवं ए.एन. कॉलेज के समीप से गुजरते हुए राजापुर पुल ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन तक पहुंचता है। इसके सुदृढ़ीकरण और पक्कीकरण से आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था और बेहतर होगी।
प्रगति यात्रा में की गई घोषणाओं पर अमल
मुख्यमंत्री ने बताया कि 21 फरवरी, 2025 को प्रगति यात्रा के दौरान पटना जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की गई थी, जिसमें कई योजनाओं की घोषणा की गई थी। उन्हीं घोषणाओं के तहत इन परियोजनाओं को तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कर जनता को राहत पहुंचाई जाए। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल जलजमाव की समस्या का समाधान होगा, बल्कि नालों के ऊपर बनने वाली सड़कों से शहर अधिक साफ-सुथरा, व्यवस्थित और सुगम यातायात वाला बनेगा।